लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को सनातन रक्षा संगठन ने सांसद पप्पू यादव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हजरतगंज स्थित श्री राम टावर से गांधी प्रतिमा तक संगठन ने शवयात्रा निकाली। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
विपक्षी नेताओं के मुखौटे पहनकर प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव के मुखौटे पहन रखे थे। विरोध के दौरान इन मुखौटों पर चप्पल मारकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारी “पप्पू यादव मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी मुर्दाबाद” और “अखिलेश यादव मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
पुतला फूंका, लगाए नारे
गांधी प्रतिमा पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पप्पू यादव के प्रतीकात्मक पुतले को पहले चप्पलों से पीटा और फिर उसे आग के हवाले कर दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान सनातन धर्म के समर्थन में नारे लगाए।
51 लाख रुपए इनाम की घोषणा का दावा
प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से यह दावा किया गया कि पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन धर्म का अपमान करने वालों को माफ नहीं किया जाएगा।









