स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा कड़ी, GRP ने बढ़ाई निगरानी

चारबाग समेत प्रमुख स्टेशनों पर गश्त तेज, ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चारबाग रेलवे स्टेशन समेत लखनऊ के सभी प्रमुख स्टेशनों पर GRP ने निगरानी बढ़ा दी है। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर नजर

GRP और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमें ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखेंगी। असामाजिक तत्वों और अपराधियों की गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है।

महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेशन परिसर के साथ ट्रेनों में भी सुरक्षा जांच बढ़ाई जा रही है।

हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन शुरू

GRP ने स्टेशन और आसपास के इलाकों में सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार कर निगरानी शुरू कर दी है। पुराने हिस्ट्रीशीटरों को चिह्नित कर उनके मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस टीमें संदिग्ध और पुराने अपराधियों के घरों पर पहुंचकर सत्यापन भी कर रही हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी तरह की आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।

स्टेशन के संवेदनशील स्थानों पर तैनाती

सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, रेलवे ट्रैक, यार्ड, पार्सल कार्यालय, वेटिंग हॉल और फुटपाथों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। कई स्थानों पर सादी वर्दी में जवान भी निगरानी करेंगे।

ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी बढ़ाई जाएगी।

मॉक ड्रिल से परखी जा रही तैयारी

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए GRP के सभी थानों को मॉक ड्रिल और ORT (ऑपरेशनल रिस्पॉन्स टीम) के जरिए तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय के जरिए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की रणनीति तैयार की जा रही है। चारबाग, गोमतीनगर, आलमबाग, लखनऊ सिटी और डालीगंज रेलवे स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button