
लखनऊ। यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चलते राजधानी की सड़कों पर भारी जाम देखने को मिला। सत्र के मद्देनजर पुलिस ने हजरतगंज के 9 प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया, लेकिन इसके बावजूद यातायात व्यवस्था नियंत्रण से बाहर हो गई। सुबह दफ्तर और जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे, जबकि कई मार्गों पर वाहन पैदल चलने की गति से भी धीमे रेंगते नजर आए।
चारबाग से मुंशीपुलिया तक वाहन रेंगते रहे और वैकल्पिक मार्गों पर अचानक यातायात का दबाव बढ़ गया। पुलिस ने बताया कि यह डायवर्जन 24 दिसंबर तक लागू रहेगा। हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं को राहत देते हुए ऐंबुलेंस, शव वाहन, दमकल वाहन और स्कूली बसों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरने की अनुमति दी गई है।
सत्र को देखते हुए चारबाग से केकेसी की ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। इसका सीधा असर आसपास की सड़कों पर पड़ा। हजरतगंज और हुसैनगंज इलाकों में जाम की स्थिति और गंभीर रही। लोहिया पथ होते हुए मुंशीपुलिया चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लगीं। कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
इस जाम से दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र भी प्रभावित हुए। शहरवासियों को चेतावनी दी गई है कि इस दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाकर ही सफर करें और यदि संभव हो तो यात्रा का समय बदलें।








