अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा

एयर इंडिया और इंडिगो के विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आए, समय रहते रोके गए दोनों विमान

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। समय रहते दोनों विमानों को रोक लिया गया, जिससे किसी भी तरह की दुर्घटना नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर जा रही थी। बताया गया कि एयर इंडिया का विमान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गया और उसी टैक्सीवे पर पहुंच गया, जहां इंडिगो का विमान मौजूद था।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों विमानों के बीच लगभग 200 मीटर की दूरी रह गई थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल और पायलटों की सतर्कता के चलते दोनों विमानों को सुरक्षित रूप से रोक लिया गया। बाद में एयर इंडिया के विमान को टो वाहन की मदद से सही पार्किंग बे तक पहुंचाया गया, जिसके बाद इंडिगो की उड़ान अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हुई।

एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद पहुंची फ्लाइट AI-2493 पार्किंग के दौरान गलती से गलत दिशा में मुड़ गई थी। हालांकि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित रही। एयरलाइन ने बताया कि विमान को बाद में सही स्थान पर पहुंचा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button