यूपी चुनाव: कांग्रेस ने सपा से मांगीं 181 सीटें

राहुल बोले- सपा हमारी महत्वपूर्ण सहयोगी, सम्मानजनक होना चाहिए सीटों का बंटवारा; प्रियंका गांधी करेंगी बातचीत की अगुवाई

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर अगले साल होने वाले चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पार्टी की अहम बैठक हुई। इसमें समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा की गई।

राहुल गांधी बोले- सपा महत्वपूर्ण सहयोगी

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस की महत्वपूर्ण सहयोगी है। दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। सभी को साथ लेकर चलने की जरूरत है, ताकि गठबंधन मजबूत हो सके।

प्रियंका गांधी को मिली बातचीत की जिम्मेदारी

कांग्रेस ने सपा के साथ सीटों के बंटवारे पर चर्चा के लिए एक कमेटी बनाई है। इसकी अगुवाई प्रियंका गांधी करेंगी। कमेटी में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और यूपी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को शामिल किया गया है।

कांग्रेस ने सपा को सौंपी 181 सीटों की सूची

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को करीब 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। पार्टी का दावा है कि ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर इन क्षेत्रों में उसकी स्थिति मजबूत है। कांग्रेस का मानना है कि पिछले कुछ महीनों में इन इलाकों में उसके पक्ष में माहौल बदला है।

2022 के चुनाव नतीजों से सपा असमंजस में

कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी में असमंजस की स्थिति बताई जा रही है। इसकी बड़ी वजह 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजे हैं। उस चुनाव में कांग्रेस को महज 2.33 प्रतिशत वोट मिले थे और पार्टी केवल दो सीटों पर जीत दर्ज कर सकी थी। ऐसे में सपा के सामने गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चुनौती बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button