तालाब से क्षतिग्रस्त पिच मार्ग की सुरक्षा को सौंपा ज्ञापन

  • असरफाबाद गांव में पिच मार्ग क्षतिग्रस्त, ग्रामीण परेशान
  • तालाब से लगते रास्ते पर लगातार पानी का दबाव
  • आरसीसी दीवार निर्माण की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन

अंबेडकरनगर। आलापुर के ग्राम पंचायत असरफाबाद के ग्रामीणों ने बुधवार को पिच मार्ग की सुरक्षा के लिए आरसीसी दीवार निर्माण की मांग करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। समाजवादी पार्टी के नेता प्रद्युम्न यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ग्राम असरफाबाद में गाटा संख्या 193 के बगल स्थित तालाब के सटे पिच मार्ग पर लगातार पानी का दबाव रहने से मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहा है जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया कि इस पिच मार्ग से प्रतिदिन लगभग 3500 की आबादी का आना-जाना होता है लेकिन मार्ग की खराब स्थिति के कारण अब आवागमन बाधित हो चुका है। वाहन गांव के भीतर नहीं जा पा रहे हैं, जिससे बीमार, वृद्ध और छात्र वर्ग विशेष रूप से प्रभावित हो रहा है। शीघ्र समाधान न होने पर मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है। ग्राम प्रधान सरिता देवी ने बताया कि आरसीसी दीवार का निर्माण ही एकमात्र उपाय है जिससे पिच मार्ग को संरक्षित किया जा सकता है। इससे तालाब के पानी का दबाव कम होगा और रास्ता लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा। इस दौरान मुस्तकीम, इलियास, प्रेमचंद, रोहित सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। एसडीएम सुभाष सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related Posts

सड़क सुरक्षा पर प्रशासन की सख्ती

अम्बेडकरनगर में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु…

Continue reading
होमस्टे नीति–2025 : अम्बेडकर नगर में 13 आवेदनों पर समिति की बैठक

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट होमस्टे नीति–2025 के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई।…

Continue reading