मेदांता अस्पताल पहुंचे सीएम योगी, महंत नृत्य गोपाल दास से की मुलाकात

ICU में भर्ती महंत के स्वास्थ्य का लिया अपडेट, डॉक्टरों ने बताया—स्थिति स्थिर और संक्रमण नियंत्रण में समाचार:

लखनऊ। मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती महंत नृत्य गोपाल दास से शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अचानक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ICU में पहुंचकर महंत के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके इलाज में लगे डॉक्टरों से विस्तृत अपडेट प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री को डॉक्टरों ने बताया कि महंत की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और फिलहाल संक्रमण नियंत्रण में है। उनके उपचार के लिए क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम तैनात है, जो उनकी स्थिति पर 24 घंटे नजर बनाए हुए है।

अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के अनुसार, 89 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास को 29 जून की दोपहर अचेत अवस्था में मेदांता अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान उनमें सांस लेने में दिक्कत और मूत्र मार्ग संक्रमण (यूटीआई) की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें ICU में भर्ती कर विशेष निगरानी में रखा गया है।

इससे पहले भी जनवरी में उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था।

महंत नृत्य गोपाल दास राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में से एक रहे हैं। उन्होंने आंदोलन के शुरुआती दौर से ही सक्रिय भूमिका निभाई और राम मंदिर निर्माण को लेकर लंबे समय तक संघर्ष किया। वे राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति और राम जन्मभूमि न्यास से भी जुड़े रहे हैं।

वर्तमान में वे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं और राम मंदिर आंदोलन के दौरान संत समाज को एकजुट करने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button