- मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला
- एक ही रनवे पर दो विमान आमने-सामने आए
- ATC के निर्देश पर टेकऑफ तुरंत रोका गया
मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश पर एयर इंडिया के पायलट ने समय रहते टेकऑफ रन रोक दिया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
जानकारी के मुताबिक, सिलिगुड़ी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट लैंडिंग के बाद अभी रनवे खाली कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 उसी रनवे से उड़ान भरने की तैयारी में थी। ATC के निर्देश मिलते ही विमान का टेकऑफ रोक दिया गया और उसे वापस पार्किंग एरिया में ले जाया गया।
एयर इंडिया ने बताया कि विमान की स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत तकनीकी जांच की जाएगी। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। फिलहाल दोनों विमानों में सवार यात्रियों की संख्या और घटना के कारणों की जांच जारी है।









