मुंबई में 10वीं मंजिल से कूदी नवविवाहिता, पेड़ में फंसकर बची जान

20 फीट की ऊंचाई पर डाल में फंसी रही महिला, फायर ब्रिगेड ने आरी से डाल काटकर सुरक्षित उतारा

मुंबई। तुलशेतपाड़ा की सनशाइन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में बुधवार सुबह 26 वर्षीय नवविवाहिता ने 10वीं मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से पहले वह पेड़ में फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, पेड़ की मोटी डाल उसके पैर में घुस गई और वह करीब 20 फीट की ऊंचाई पर लटकी रही।

घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई गई है। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

आरी से काटी पेड़ की डाल

प्रतीक्षा हिवराले बिल्डिंग की खिड़की से कूदी थीं। गिरने के दौरान वह पास लगे पेड़ पर जा गिरीं। करीब 50-60 मिलीमीटर मोटी डाल उनकी जांघ में घुस गई, जिसके कारण वह पेड़ पर ही अटक गईं।

फायर ब्रिगेड की टीम ने एंगस लैडर की मदद से महिला तक पहुंच बनाई। इसके बाद इलेक्ट्रिक आरी से पेड़ की डाल काटी गई। रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से प्रतीक्षा को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

चार महीने पहले हुई थी शादी

प्रतीक्षा की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण सामने नहीं आया है।

रेस्क्यू के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पैर में गंभीर चोट के चलते उन्हें सर्जरी के लिए LTMG सायन अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button