नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज पहली बार भारत के दौरे पर आ रहे हैं। वह दोपहर 3 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से होगी। इसके बाद अगले दिन राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। अपने दौरे के दौरान बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच शुरू होने वाला नया रेल संपर्क होगा।
राष्ट्रपति भवन में होगा औपचारिक स्वागत
भारत यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। बैठक में दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों, सहयोग और कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
अयोध्या-जनकपुरधाम के बीच चलेगी नई ट्रेन
दौरे के दौरान पीएम मोदी और बालेन शाह अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि और जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। ऐसे में यह रेल संपर्क दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
604 किलोमीटर का सफर तय करेगी ट्रेन
अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच प्रस्तावित ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके प्रमुख स्टॉपेज में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं।
ट्रेन का संचालन सप्ताह में एक दिन किया जाएगा। यह जनकपुरधाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी। इससे दोनों देशों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।








