
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने अहम निर्णय लिया है। मेयर ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि शहर में शेल्टर होम बनाए जाएंगे, जहां आवारा कुत्तों को रखा जाएगा। साथ ही एआई (AI) कैमरों की मदद से छुट्टा जानवरों को पकड़ा जाएगा।
मेयर ने बताया कि घर-घर से कूड़ा गीला और सूखा अलग-अलग लेने की व्यवस्था जल्द लागू की जाएगी। इसके अलावा ट्रैफिक सुधार के लिए क्रेन की व्यवस्था की जाएगी, जो नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को हटाने और उन पर जुर्माना लगाने का काम करेगी। यह काम एक निजी संस्था को सौंपा जाएगा और 20 दिनों में शुरू होने की उम्मीद है।
नए नियमों से इन इलाकों में बढ़ेगी सख्ती
नो पार्किंग जोन में गाड़ियों पर कार्रवाई की जाएगी। पहले जहां 1200 रुपये जुर्माना लगता था, अब उसे बढ़ाने की तैयारी है। हजरतगंज, गोमतीनगर, चारबाग, महानगर समेत अन्य प्रमुख इलाकों में यह नियम प्रभावी रहेगा।
रक्षा मंत्री के जन्मदिन पर विशेष सफाई अभियान
मेयर ने बताया कि 10 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर नगर निगम द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान सुबह 6 से 8 बजे तक चलेगा और जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके बाद प्रत्येक सप्ताह एक दिन, एक जोन में सफाई अभियान चलाया जाएगा।
6 महीने में लगेगा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट
लखनऊ में जल्द ही वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाया जाएगा। मेयर ने कहा कि आने वाले 6 महीनों में यह प्लांट क्रियाशील होगा। इसके लिए सूरत, पुणे, इंदौर और विशाखापत्तनम जैसे शहरों के मॉडल को देखा गया है और कुछ सफल योजनाओं को लखनऊ में भी लागू किया जाएगा।
अन्य शहरों से लखनऊ में लागू होने वाले प्रमुख मॉडल:
इंदौर:
गीला-सूखा कूड़ा अलग उठाने की व्यवस्था
बायो-CNG प्लांट का संचालन
सभी नगर सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध
विशाखापत्तनम:
फ्री ई-ऑटो व साइकिल सेवा
वेस्ट टू एनर्जी प्लांट (15 MW)
पुरानी धरोहरों का संरक्षण
सूरत:
AI कैमरे से आवारा जानवरों और सड़क पर कूड़ा डालने वालों की पहचान
449 ई-बसें और 50 ई-चार्जिंग स्टेशन
जल पुनर्चक्रण से आय
पुणे:
सहकारी समिति के जरिए कूड़ा उठान
रिसाइक्लेबल कूड़े का बिक्री मॉडल
नागरिक सुविधाएं ऑनलाइन








