
अम्बेडकरनगर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर द्वारा शुक्रवार को देश के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जन्म जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, वहीं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिव बाबा धाम में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका कार्यालय प्रांगण में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने नेताजी के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
नगर पालिका कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा
श्रद्धांजलि सभा के दौरान नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता निर्माण मालविका सिंह, अवर अभियंता जलकल शैलेंद्र सिंह, प्रधान लिपिक अनूप सोनकर, लेखाकार ओंकार नाथ तिवारी, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी जसवंत सिंह यादव, मार्ग प्रकाश प्रभारी संजय सोनकर, बृजेंद्र निषाद, अजय तिवारी और डब्लू उपाध्याय ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान नेताजी के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान और उनके साहसिक नेतृत्व को याद किया गया।
शिव बाबा धाम में प्लास्टिक उन्मूलन अभियान
नेताजी की जयंती के अवसर को सामाजिक और पर्यावरणीय संदेश से जोड़ते हुए नगर पालिका परिषद अकबरपुर द्वारा शिव बाबा धाम परिसर में सिंगल यूज प्लास्टिक को कहे न अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं, दुकानदारों और आम नागरिकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देना रहा।








