मुजफ्फरनगर में सपा का प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

कचहरी गेट पर पुतला जलाने की कोशिश, पुलिस से धक्का-मुक्की; महिला जिलाध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं से बदसलूकी का आरोप

  • मुजफ्फरनगर में CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा का प्रदर्शन
  • कचहरी गेट पर पुतला जलाने की कोशिश, पुलिस ने छीना
  • तस्वीर में आग लगाने पर पुलिस ने बुझाई आग
  • पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की

मुजफ्फरनगर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर में प्रदर्शन किया। महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय से दोपहर करीब 12 बजे कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कचहरी की ओर निकले। पुलिस ने उन्हें पार्टी कार्यालय के बाहर रोकने की कोशिश की, हालांकि कुछ देर बाद कार्यकर्ताओं को आगे जाने दिया गया। यह प्रदर्शन सपा के ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत आयोजित किया गया था।

आंबेडकर प्रतिमा के पास पहुंचे कार्यकर्ता

सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कचहरी गेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे। यहां पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने की तैयारी थी।

इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता झांसी की रानी की ओर से पुतला लेकर आगे बढ़े। पुलिस को देखकर उन्होंने आंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचने से पहले ही पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुतला छीन लिया।

पुतले के बाद तस्वीर में लगाई आग

पुलिस के पुतला छीनने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर में आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने तस्वीर भी अपने कब्जे में लेकर आग बुझा दी।

मौके पर एक सिविल ड्रेस में तैनात पुलिसकर्मी पुतला लेकर टाउनहॉल की तरफ जाता दिखाई दिया। वहीं अन्य पुलिसकर्मियों ने आग लगी लकड़ी भी छीन ली। पुतला और तस्वीर जलाने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।

कार्यकर्ता का कुर्ता फटा, महिला जिलाध्यक्ष से भी धक्का-मुक्की

प्रदर्शन के दौरान एक सपा कार्यकर्ता का कुर्ता फट गया। सपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पूजा अंबेडकर के साथ भी धक्का-मुक्की की बात सामने आई है। सपा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की गई।

हालांकि, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प को लेकर दोनों पक्षों का आधिकारिक विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/kushinagar-police-recovered-109-lost-mobile-phones/

जिया चौधरी और पंकज मलिक रहे मौजूद

प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और चरथावल विधायक पंकज मलिक समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा जिलाध्यक्ष पहले ही प्रदर्शन को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को पार्टी के प्रमुख मुद्दों में बता चुकी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button