NEET मुद्दे पर संसद में हंगामा

दोनों सदनों की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित

  • विपक्ष ने NEET पेपर लीक पर चर्चा की मांग की
  • लोकसभा और राज्यसभा में नारेबाजी, प्लेकार्ड दिखाए
  • खड़गे बोले- संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। विपक्षी सांसदों ने सदन में प्लेकार्ड दिखाते हुए नारेबाजी की और मामले पर तत्काल चर्चा की मांग उठाई।

सत्र शुरू होने के तुरंत बाद भी दोनों सदनों में हंगामे के चलते कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई थी। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर भी स्थिति सामान्य नहीं हुई, जिसके बाद दोनों सदनों को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।

सदन के बाहर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि विपक्ष को संसद में अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की।

राज्यसभा में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल और सैयद नासिर हुसैन ने नियम 267 के तहत कार्यवाही रोककर NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले पर तत्काल चर्चा कराने का नोटिस दिया।

इससे पहले संसद भवन में हुई एनडीए संसदीय दल की बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पेपर लीक मामले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button