चीन के तिब्बत क्षेत्र से आई अचानक बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले में भारी तबाही मचाई है। भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाकों में कई घरों, बाजारों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है।
तेज बहाव में वाहन बहे
बाढ़ के तेज बहाव में कई वाहन और सामान बह गए। पानी के दबाव के कारण एक पुल भी टूट गया। अचानक आई बाढ़ से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव कार्य जारी है।
9 पुलिसकर्मी लापता
बाढ़ के बाद टिमुरे बॉर्डर पोस्ट पर तैनात 9 पुलिसकर्मियों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ आने के बाद से इन पुलिसकर्मियों से संपर्क नहीं हो पाया है। हालांकि, बॉर्डर पोस्ट पर मौजूद 25 से 30 अन्य लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
बिहार में भी अलर्ट
नेपाल में बाढ़ के असर को देखते हुए बिहार में भी प्रशासन को अलर्ट किया गया है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।









