बेंगलुरु। आईटी कंपनी कैपजेमिनी के एचएएल कैंपस स्थित डे-केयर सेंटर में बच्चों के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को विजयलक्ष्मी और मंजुला नाम की दो महिला केयरगिवर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों वही आरोपी हैं, जो वायरल वीडियो में बच्चों को प्रताड़ित करती नजर आ रही थीं।
वायरल वीडियो में बच्चों को टॉयलेट में बंद करना, उनके चेहरे पर जेट स्प्रे से पानी डालना और वॉशिंग मशीन में बैठाकर डराना जैसी घटनाएं सामने आई थीं। मामले में पुलिस पहले ही पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है।
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी है। एक अभिभावक ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “काश यह AI से बनाया गया वीडियो होता, यकीन नहीं हो रहा कि बच्चों के साथ ऐसा किया गया।”
डीसीपी सैदुलु अडावथ ने बताया कि डे-केयर में आने वाले बच्चे कैंपस में काम करने वाले प्रोफेशनल्स के हैं। वीडियो देखने के बाद अभिभावक और अधिकारी दोनों हैरान हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि डे-केयर सेंटर का संचालन सीधे कैपजेमिनी कर रही थी या किसी बाहरी एजेंसी को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी।
कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट तलब की है। वहीं, एचएएल कैंपस के प्रोबेशन अधिकारी तिलकेश कुमार ने बताया कि अधिकारियों को पहले से बच्चों के साथ दुर्व्यवहार का संदेह था, लेकिन हाल में सामने आए वीडियो से इसके ठोस सबूत मिले।









