नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा के बाद जारी आंसर की को चुनौती देने की फीस को लेकर गुरुवार को सफाई दी। एजेंसी ने कहा कि अगर किसी उम्मीदवार को आंसर की में किसी सवाल का जवाब गलत लगता है तो वह उस पर आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके लिए प्रत्येक सवाल पर ₹200 शुल्क देना होता है।
सही आपत्ति होने पर वापस मिलेगी फीस
NTA ने स्पष्ट किया कि फीस लेने का उद्देश्य छात्रों से कमाई करना नहीं है। शुल्क इसलिए रखा गया है ताकि बिना आधार वाली आपत्तियों को कम किया जा सके। अगर उम्मीदवार की आपत्ति सही पाई जाती है तो संबंधित फीस वापस कर दी जाएगी। इससे आंसर की में गलती सुधारने के साथ लाखों छात्रों के रिजल्ट को भी सही किया जा सकता है।
16 अगस्त को जारी हुई UGC-NET की आंसर की
NTA ने 16 अगस्त को UGC-NET के 84 विषयों की आंसर की जारी की थी। हालांकि, इसी दिन अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया गया। NTA के मुताबिक इन विषयों के प्रश्नपत्रों में स्पेलिंग और प्रिंटिंग से जुड़ी गलतियां सामने आई थीं।
पुराने सवाल दोहराए जाने की भी शिकायत
एजेंसी ने बताया कि प्रश्नपत्रों में पहले पूछे जा चुके सवाल भी दोहराए गए थे। आंसर की जारी होने के बाद छात्रों ने प्रश्नपत्र में हुई गड़बड़ियों की जानकारी दी। NTA के अनुसार इन खामियों को केवल सवाल हटाकर ठीक करना संभव नहीं था, इसलिए तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया।
सितंबर में दोबारा होगी परीक्षा
NTA ने अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की दोबारा परीक्षा की तारीखें भी जारी कर दी हैं। इन विषयों की परीक्षाएं अब 9 और 10 सितंबर को आयोजित होंगी। इससे पहले UGC-NET की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच कराई गई थी।









