उडुपी/शारजाह। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में कर्नाटक के उडुपी जिले के एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कुंदापुर निवासी एल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है। उनके शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो बैगों में रखा गया था। बाद में शव के टुकड़े ओमान जाने वाले मार्ग पर खड़ी एक कार से बरामद किए गए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
जुलाई में हत्या की आशंका, करीब दो महीने बाद खुलासा
रिपोर्टों के मुताबिक एल्विन प्रकाश की हत्या जुलाई में हुई थी, लेकिन मामले का खुलासा करीब दो महीने बाद हुआ। परिवार को एल्विन के अचानक संपर्क से बाहर होने पर शक हुआ। उनके भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने बताया कि करीब 20 जुलाई को उन्होंने एल्विन को फोन किया था, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला। इसके बजाय उनके फोन से एक मैसेज आया कि वह ठीक हैं।
अनिल के मुताबिक एल्विन आमतौर पर मैसेज के बजाय वॉयस मैसेज के जरिए बातचीत करते थे। इसके बाद परिवार को संदेह हुआ। दोबारा संपर्क करने पर भी जवाब नहीं मिला, जिसके बाद शारजाह में रहने वाले उनके परिचित से एल्विन के बारे में पता करने को कहा गया।
कंपनी ने बताया- भारत लौट चुके हैं
एल्विन के परिचित ने उनके कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए गए फ्लैट पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। वहां चौकीदार ने बताया कि एल्विन भारत जा चुके हैं। कंपनी के HR विभाग से संपर्क करने पर भी परिवार को शुरुआत में यही जानकारी दी गई।
इसके बाद अनिल ने कंपनी को बताया कि एल्विन भारत नहीं लौटे हैं और उनके बारे में जानकारी जुटाने का अनुरोध किया। पासपोर्ट रिकॉर्ड की जांच के बाद पता चला कि एल्विन शारजाह से बाहर नहीं गए थे। इसके बाद उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई और तलाश शुरू हुई।
कार में मिले शव के नौ टुकड़े
जांच के दौरान एल्विन का शव ओमान जाने वाले मार्ग पर खड़ी एक कार में मिला। उनके भाई के मुताबिक शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो बैगों में रखा गया था। UAE में मामले की जांच चल रही है और हत्या के पीछे की वजह तथा संदिग्धों के बारे में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/iit-bombay-sahil-wakode-death-professor-dulla-leave/
कुछ रिपोर्टों में एल्विन की पत्नी और बेटे के भी लापता होने की बात सामने आई है। हालांकि, उनकी वर्तमान स्थिति और हत्या से किसी संभावित संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।









