अम्बेडकरनगर। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर शनिवार को जिले के दौरे पर पहुंचे। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के मुबारकपुर डैय्याडीह गांव में आयोजित जन चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जन चौपाल में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने साफ कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जन समस्याओं पर सख्त निर्देश, त्वरित निस्तारण पर जोर
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
विपक्ष पर तीखा हमला, राजनीतिक बयान से गरमाया माहौल
जन चौपाल के बाद मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिन पर स्वयं गंभीर आरोप हैं, वे दूसरों पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को पहले अपने ऊपर लगे मामलों का जवाब देना चाहिए।
रामलला मंदिर दान प्रकरण पर सरकार की स्थिति स्पष्ट
मंत्री ने रामलला मंदिर में दान से जुड़े कथित मामले पर स्पष्ट किया कि यह सरकार का विषय नहीं है। यह मामला ट्रस्ट से जुड़ा है और ट्रस्ट की मांग पर एसआईटी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और कार्रवाई जारी है।









