अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को भाजपा की ओर से जिले में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए गए। वहीं भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रक्त केंद्र पहुंचकर रक्तदान किया।
रक्तदान कार्यक्रम में युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसके अलावा जिले के प्रमुख मठ-मंदिरों में सफाई अभियान चलाया गया। 2171 बूथों पर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप जलाए गए।
कार्यक्रमों में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, क्षेत्रीय मंत्री राम कुमार वर्मा और जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल बांटने के साथ रक्तदान कार्यक्रम भी कराया गया।
क्षेत्रीय मंत्री राम कुमार वर्मा ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रक्तदान के जरिए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया गया।
जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और सेवा गतिविधियों में भागीदारी करते रहेंगे।
जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य ने कहा कि सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। रक्तदान और मरीजों को फल वितरण जैसे कार्यक्रम सीधे तौर पर लोगों से जुड़ने का माध्यम हैं।









