
- लखनऊ-कानपुर हाईवे पर खड़े डंपर से टकराया लोडर
- सीतापुर के दो चचेरे भाइयों की मौके पर मौत
- कानपुर से मोहर्रम का सामान लेकर लौट रहे थे युवक
लखनऊ। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सरोज पाइप कंपनी के सामने पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार लोडर खड़े डंपर में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सीतापुर निवासी पंकज गुप्ता (24) और दीपू गुप्ता (27) के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई थे।
गाड़ी में फंसे रहे शव, फायर टीम ने काटा केबिन
हादसे की सूचना पर बंथरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। एफएसओ सुमित प्रताप सिंह के नेतृत्व में फायर टीम ने लोडर का केबिन काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक युवक बचा, दो भाइयों की दर्दनाक मौत
लोडर में तीसरा युवक अशोक भी मौजूद था, जो पीछे बैठा था। वह इस हादसे में बाल-बाल बच गया। मृतक पंकज वाहन चला रहा था और दीपू साइड में बैठा था। दोनों कानपुर से मोहर्रम का ताजिया का सामान लेकर लौट रहे थे।
परिवार में मचा कोहराम, बेसुध हुई दीपू की पत्नी
हादसे की खबर मिलते ही सीतापुर के ब्राह्मणी टोला और शंकरगंज बिसवां गांव में मातम पसर गया। दीपू की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेसुध हो जा रही है। उसने बताया कि उसके पति ठेले पर काम करते थे और उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे (दो बेटे, एक बेटी) हैं। अब परिवार का कोई सहारा नहीं बचा।
पंकज के माता-पिता की पहले ही हो चुकी है मौत
पंकज के बड़े भाई विकास ने बताया कि वह पांच भाई-बहन हैं और माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। पंकज की अभी शादी नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि दोनों मृतक नशा नहीं करते थे और लोडर में प्लास्टिक दाना और अन्य सामान लदा था।
पुलिस कर रही जांच, चालक फरार
बंथरा थाना प्रभारी जूनियर बिजेंद्र ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। डंपर मौके पर खड़ा था और लोडर पीछे से टकरा गया। अज्ञात डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।








