राहुल गांधी को पहले ही थी पिता राजीव गांधी की हत्या की आशंका

सोनिया गांधी ने किताब में किया खुलासा

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से पहले ही उनके बेटे राहुल गांधी को उनकी जान पर खतरे का अंदेशा था। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में इस बात का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि मार्च 1991 में अमेरिका लौटने से पहले राहुल ने पिता की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।

सोनिया के मुताबिक, राहुल ने कहा था कि अगर राजीव गांधी की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए घर लौटना पड़ सकता है।

प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद भी खतरा बरकरार था

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद भी राजीव गांधी की जान को खतरा लगातार बना हुआ था। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा के इंतजाम पहले जैसे मजबूत नहीं थे। सुरक्षा में कमी को लेकर परिवार चिंतित था।

बिहार दौरे पर राहुल ने अपनी आंखों से देखा हमला

सोनिया के अनुसार, मार्च 1991 में ईस्टर की छुट्टियों के दौरान राहुल गांधी अमेरिका से भारत आए थे। उस समय वह पढ़ाई के सिलसिले में अमेरिका में रह रहे थे। भारत आने के बाद उन्होंने पिता राजीव गांधी के साथ बिहार दौरे पर जाने की जिद की।

इस दौरे के दौरान राहुल ने एक ऐसी घटना देखी, जिसने उन्हें हैरान कर दिया। राजीव गांधी खुली जीप में सफर कर रहे थे। इसी दौरान विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनकी जीप पर पत्थर और ईंटें बरसाईं।

सोनिया गांधी ने लिखा है कि यह सब स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में हो रहा था, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। उन्होंने न तो राजीव गांधी को बचाने का प्रयास किया और न ही हमले को रोकने के लिए कोई कदम उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button