मुंबई। अभिनेत्री और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों डेंगू से संक्रमित होने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले कई दिनों से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया है कि अब उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है और वह रिकवरी कर रही हैं।
सोशल मीडिया से मिली जानकारी
पत्रकार विक्की लालवानी ने सोशल मीडिया के जरिए पूनम ढिल्लों की तबीयत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सुबह मैसेज के जरिए उनकी अभिनेत्री से बातचीत हुई थी। इस दौरान पूनम ने अपनी सेहत में सुधार की जानकारी दी।
विक्की लालवानी ने बताया कि पूनम ढिल्लों कई दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं और अब धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हैं। उन्होंने अभिनेत्री के जल्द पूरी तरह ठीक होने की कामना भी की।
CINTAA विवाद को लेकर भी चर्चा में थीं
पूनम ढिल्लों हाल ही में CINTAA से जुड़े विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रही थीं। संगठन की एग्जीक्यूटिव कमेटी के 8 सदस्यों ने अपने पदों और कमेटी से इस्तीफा दे दिया था।
इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने संगठन की मौजूदा लीडरशिप पर भरोसा नहीं होने का आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने नए चुनाव कराने की मांग भी की थी।









