
लखनऊ। बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचार के विरोध में सोमवार को लखनऊ में मुस्लिम समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय के सामने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस का पुतला फूंका। इससे पहले उनकी तस्वीर को जूतों से पीटा गया और बांग्लादेश के झंडे को पैरों से कुचला गया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ‘बांग्लादेश मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार बंद नहीं हुए, तो भारत में रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल अशफाक उल्ला खान ने कहा कि बांग्लादेश का निर्माण भारत की मदद से हुआ है। उन्होंने कहा, “अगर हम बांग्लादेश को बनाना जानते हैं, तो उसे मिटाना भी जानते हैं। अगर अत्याचार नहीं रुके, तो बांग्लादेश की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी।” उन्होंने देशवासियों से एकजुट होकर बांग्लादेश के खिलाफ विरोध करने की अपील की।
प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से मांग की कि वह तत्काल बांग्लादेश के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और वहां रहने वाले प्रत्येक हिंदू की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि केवल धर्म के आधार पर किसी समुदाय को निशाना बनाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।








