अंबेडकरनगर। भीटी तहसील क्षेत्र के महमदपुर चपरा मजरे के बरहा में निर्माणाधीन राजकीय आयुर्वेद अस्पताल की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में घटिया ईंट, सफेद बालू और निम्न गुणवत्ता की अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार अस्पताल का निर्माण सार्वजनिक धन से कराया जा रहा है, इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उनका कहना है कि यदि शुरुआती स्तर पर ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की लैब टेस्टिंग कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद यदि अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।









