
- जला हुआ बैग बना जांच की कड़ी
- CCTV से मिला सुराग, दो गिरफ्तार
- SIM और डिवाइस जलाने का शक
इंदौर। ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। शिलॉन्ग पुलिस और इंदौर क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में एक जला हुआ काला बैग बरामद किया गया है, जिसे आरोपी सोनम ने राजा की हत्या के बाद इंदौर लाकर हरे कृष्णा विहार कॉलोनी में जलाया था। अब इस बैग के अवशेषों की फोरेंसिक जांच (FSL) कराई जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
शिलॉन्ग पुलिस ने 20-21 जून को फ्लैट के पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे बैग जलाने की जानकारी मिली। इसके आधार पर बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर शिलोम जेम्स और गार्ड बलबीर अहिरवार को गिरफ्तार किया गया।
जले बैग में SIM और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जलाने की आशंका
पुलिस को शक है कि बैग में सिर्फ कपड़े नहीं, बल्कि SIM कार्ड, मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जलाए गए हैं ताकि सबूत न मिल सकें। 10 जून को बैग जलाया गया था, उसी दिन पुलिस आरोपियों को शिलॉन्ग ले गई थी।
दोनों आरोपी ट्रांजिट रिमांड पर
22 जून की रात शिलॉन्ग पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा। आज शिलॉन्ग पुलिस उन्हें लेकर रवाना हो सकती है।
भागने की फिराक में था शिलोम जेम्स, गांव से पकड़ा गया बलबीर
शिलोम जेम्स भोपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं बलबीर अहिरवार को अशोकनगर से मक्का की बुआई के दौरान पकड़ा गया।
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
इस हत्याकांड में अब तक सोनम रघुवंशी, राज कुशवाह सहित कुल 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। सोनम को गाजीपुर, राज को बीना, बाकी आरोपियों को इंदौर से गिरफ्तार किया गया।
किराए पर लिया गया था फ्लैट, एडवांस में दिए थे ₹51 हजार
शिलोम जेम्स ने पुलिस को बताया कि विशाल चौहान नाम से फ्लैट किराए पर लिया गया था। 30 मई को 3 महीने का एडवांस किराया ₹51 हजार दिया गया था।







