
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के लोरपुर स्थित ऐतिहासिक अष्टखंभा के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की माँग को लेकर अखिल भारतीय राजभर संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता व नारायण फ़ाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से उनके लखनऊ स्थित आवास पर भेंट की।
ऐतिहासिक धरोहर को पुनर्जीवित करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि अष्टखंभा नागवंश और राजभर समाज की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह न केवल धार्मिक आस्था का केन्द्र है, बल्कि समाज के स्वाभिमान और ऐतिहासिक धरोहर का अहम हिस्सा भी है।
ज्ञापन में यह स्पष्ट किया गया कि वर्षों से उपेक्षा के कारण अष्टखंभा का स्वरूप धीरे-धीरे क्षीण हो रहा है और इसके समुचित संरक्षण की आवश्यकता है। प्रतिनिधियों ने मांग की कि इसे पर्यटन स्थलों की सूची में सम्मिलित कर विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किया जाए।
मंत्री ने दिया आश्वासन, होगी कार्ययोजना में शामिल
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की मांग पर सहमति जताते हुए इसे पर्यटन विभाग की अगली कार्ययोजना में सम्मिलित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अष्टखंभा के संरक्षण हेतु प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार किया जाए और तकनीकी रिपोर्ट के अनुरूप क्रियान्वयन की प्रक्रिया तय की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय राजभर संगठन के अम्बेडकरनगर ज़िला अध्यक्ष रामकिशोर राजभर, ज़िला महासचिव रामनायक राजभर, सभासद अनिल राजभर सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अष्टखंभा के संरक्षण से राजभर समाज की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।








