हादसे में ‘राहबीर’ बनेंगे असली हीरो

मददगार नागरिकों को मिलेगा प्रशासनिक सम्मान, डीएम की अपील—गोल्डन ऑवर में जान बचाने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन, हेल्पलाइन नंबर जारी

अम्बेडकरनगर। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद करने वाले आम नागरिकों को अब “राहबीर (गुड सेमेरिटन) योजना” के तहत प्रशासनिक स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद तुरंत सहायता देकर घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय यानी गोल्डन ऑवर में मिली मदद जीवन और मृत्यु के बीच निर्णायक भूमिका निभाती है। इसी को देखते हुए सरकार की इस योजना के तहत निःस्वार्थ रूप से सहायता करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर सम्मानित किया जाएगा।

8005441172 पर दें सूचना, मददगार होंगे चिन्हित

जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति ने सड़क दुर्घटना में घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद की है, तो उसकी जानकारी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) के मोबाइल नंबर 8005441172 पर दी जाए। सूचना के आधार पर पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कर उन्हें योजना के अंतर्गत सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि प्राप्त सूचनाओं की जांच कर पात्रता सुनिश्चित की जाए और प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को इस योजना के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

सड़क सुरक्षा प्रयासों से 10 प्रतिशत तक हादसों में कमी

जिलाधिकारी ने बताया कि परिवहन, पुलिस, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग और स्थानीय निकायों के संयुक्त प्रयासों से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 10 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button