अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। सेफ सिटी योजना के तहत शहर के आठ प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। परियोजना पर करीब 80 लाख रुपये खर्च होंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद कैमरे लगाने का काम शुरू होगा।
नगर पालिका ने कैमरे लगाने के लिए प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित किया है। यहां सीसीटीवी कैमरों के साथ साउंड सिस्टम और सर्विलांस सिस्टम भी लगाया जाएगा। कैमरों के माध्यम से प्रमुख मार्गों और चयनित स्थानों पर निगरानी रखी जा सकेगी।
इन आठ स्थानों पर लगेगा निगरानी तंत्र
सेफ सिटी योजना में गौहन्ना चौराहा, पटेल नगर तिराहा, न्यौतरिया, तहसील तिराहा, संघतिया, दोस्तपुर चौराहा, फव्वारा तिराहा और मालीपुर पुलिस चौकी को शामिल किया गया है।
इन स्थानों पर लगाए जाने वाले कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग नगर पालिका कार्यालय में तैयार किए जा रहे मुख्य कंट्रोल रूम से की जाएगी। कैमरों की रिकॉर्डिंग से किसी घटना या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में जांच के लिए फुटेज उपलब्ध हो सकेगी।
जाम और यातायात पर भी रहेगी नजर
निगरानी व्यवस्था का इस्तेमाल यातायात पर नजर रखने में भी किया जाएगा। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति की जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंच सकेगी। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में भी कैमरों से मौके की जानकारी लेने में मदद मिलेगी।
वर्क ऑर्डर के बाद शुरू होगा काम
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगाने की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब वर्क ऑर्डर जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शहर में कैमरे लगाने का काम शुरू कराया जाएगा।









