
- परेड में नहीं आया था मृतक रिक्रूट, बैरक से गिरा नीचे
- खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
- साथी रिक्रूट्स ने लगाया उत्पीड़न का आरोप, किया हंगामा
फिरोजाबाद। बुधवार सुबह फिरोजाबाद पुलिस लाइन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक रिक्रूट आरक्षी की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान गाजियाबाद निवासी तरुण कुमार (30) के रूप में हुई है। हादसा आरटीसी बैरक नंबर-1 में हुआ। साथी रिक्रूट्स ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
तरुण कुमार गाजियाबाद के प्रताप विहार सेक्टर-12 के रहने वाले थे और पुलिस लाइन में करीब 600 अन्य रिक्रूट्स के साथ प्रशिक्षण ले रहे थे। साथियों ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे जब सभी परेड में गए, उस वक्त तरुण मौजूद नहीं थे। परेड के बाद साथी जब मिलने पहुंचे, तभी सूचना मिली कि कोई बैरक की छत से गिरा है। मौके पर पहुंचे तो देखा कि जमीन पर खून से लथपथ हालत में तरुण पड़े हैं। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट थी।
हंगामे की स्थिति, पुलिस लाइन का गेट बंद किया गया
मौत की खबर फैलते ही पुलिस लाइन में तनाव बढ़ गया। रिक्रूट आरक्षियों ने हंगामा शुरू कर दिया। कुछ रिक्रूट्स का आरोप था कि तरुण परेशान था और शायद इसी कारण परेड में नहीं आया था। कुछ ने इसे आत्महत्या बताते हुए उत्पीड़न की बात भी कही।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस लाइन का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। हंगामा कर रहे रिक्रूट्स को बाहर निकलने से रोक दिया गया। सूचना मिलने पर एसपी सौरव दीक्षित मौके पर पहुंचे और आक्रोशित रिक्रूट्स को समझा-बुझाकर शांत किया। उन्होंने कहा कि यह प्रारंभिक तौर पर हादसा लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।








