
- नवाचार ट्रैक: कहानी लेखन, कविता, पेंटिंग और भाषण
- विज्ञान मेला: युवा वैज्ञानिकों के मॉडल और प्रोजेक्ट प्रदर्शनी
- आयु सीमा: 15 से 29 वर्ष, पंजीकरण 14 अक्टूबर तक
अम्बेडकरनगर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में जनपद स्तर पर युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास विभाग द्वारा “युवा उत्सव 2025-26” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VB-YLD) 2026 के अंतर्गत युवाओं में सांस्कृतिक गतिविधियों और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
युवा उत्सव में सांस्कृतिक ट्रैक के अंतर्गत लोक गीत (समूह) एवं लोक नृत्य (समूह) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को लोक कला, लोक संगीत, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। साथ ही, सांस्कृतिक ट्रैक के माध्यम से युवाओं में आपसी समन्वय, सहयोग और सामंजस्य की भावना विकसित की जाएगी।
वहीं, नवाचार ट्रैक के तहत कहानी लेखन, कविता लेखन, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से युवाओं की रचनात्मक क्षमता और भावनाओं को उभरने का मौका मिलेगा।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी में युवाओं की भागीदारी के लिए विज्ञान मेला
युवा उत्सव के एक महत्वपूर्ण भाग के रूप में विज्ञान मेला और प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें युवा वैज्ञानिक अपने चार्ट, मॉडल और स्वचालित प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नये अन्वेषण और शोध के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना है।प्रतिभागियों की आयु 01 सितंबर 2025 तक 15 से 29 वर्ष के बीच होनी आवश्यक है। लोक गीत और लोक नृत्य समूह में अधिकतम 10 सदस्य शामिल हो सकते हैं।








