रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से हटाईं 70 से ज्यादा तस्वीरें

बोले- कलाकारों के काम को सेंसर किया जा रहा

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाए जाने का मामला सामने आया है। दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित उनकी सोलो एग्जीबिशन ‘नो आइडिया इज फाइनल’ से दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें भी हटाई गईं।

रेहान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले तस्वीरें हटाई गईं। उनके मुताबिक, प्रदर्शनी में पहले 100 से ज्यादा तस्वीरें लगाई गई थीं, लेकिन अब करीब 40 तस्वीरें ही बची हैं।

‘राजनीतिक माहौल का हवाला दिया गया’

रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया कि तस्वीरें हटाने के लिए राजनीतिक माहौल का हवाला दिया गया, जबकि उनके अनुसार तस्वीरों में कोई राजनीतिक संदेश नहीं था। उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कलाकारों के काम को सेंसर किया जा रहा है।

रेहान के मुताबिक, तस्वीरें पिछले छह महीनों के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों का दस्तावेज थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि प्रबंधन किससे डर रहा है, जो तिरंगे की तस्वीर हटाने तक की बात कही गई।

शाम 5 बजे तक तस्वीरें हटाने का अल्टीमेटम

रेहान ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनसे कहा गया कि यदि शाम 5 बजे तक तस्वीरें नहीं हटाई गईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनी का प्रस्ताव और उसका लेआउट पहले ही बीकानेर हाउस के प्रबंधन को दिया जा चुका था। इसके बावजूद प्रदर्शनी शुरू होने से पहले तस्वीरें हटाने को कहा गया।

तिरंगे की तस्वीरें नहीं हटाने की बात कही

रेहान वाड्रा ने कहा कि वह तिरंगे की तस्वीरें नहीं हटाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी रविवार तक अपने तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।

इस मामले में बीकानेर हाउस प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है। तस्वीरें हटाने को लेकर रेहान के आरोपों पर प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button