लखनऊ में चलती कार बनी आग का गोला, युवक की जिंदा जलकर मौत

BKT के सरैया मोड़ के पास हादसा, कार के अंदर मिला युवक का कंकाल; आग लगने के कारणों की जांच जारी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब (BKT) क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में कार सवार युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। सरैया मोड़ के पास रात करीब 11:30 बजे एक मारुति जेन कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि युवक कार से बाहर नहीं निकल सका। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार के अंदर केवल उसका कंकाल बचा था। उसका एक हाथ सीट में फंसा हुआ मिला।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार में आग चलते समय लगी या वाहन पहले से खड़ा था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक की पहचान की। जांच में कार खुर्रमनगर निवासी अलमास हक के नाम पर पंजीकृत मिली। परिजनों से संपर्क करने पर पुष्टि हुई कि कार के अंदर मिला शव 32 वर्षीय अलमास हक का ही है।

एसीपी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। कार में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button