चिता से उठा शव, अंतिम संस्कार से पहले विवाद

80 वर्षीय महिला की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव

  • 80 वर्षीय महिला की मौत के बाद विवाद
  • अंतिम संस्कार से पहले पुलिस पहुंची
  • चिता से उठाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
  • ससुराल पक्ष ने जताया मौत पर संदेह

लखनऊ। लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र में 80 वर्षीय महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार से पहले ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, सिधौली खुर्द निवासी विद्यावती की शादी निगोहा थाना क्षेत्र के बकतौरी खेड़ा निवासी मातादीन से हुई थी। संतान नहीं होने के कारण वह लंबे समय से अपने मायके में रह रही थीं। भाई के निधन के बाद वह अपने भतीजे बलराम के घर रहने लगी थीं। बीमारी के चलते उनका इलाज गोसाईंगंज के एक अस्पताल में चल रहा था। शनिवार सुबह उनका निधन हो गया।

अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान मृतका के जेठ के बेटों ने मौत पर संदेह जताते हुए पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भतीजे बलराम का कहना है कि विद्यावती पिछले करीब 40 वर्षों से उनके परिवार के साथ रह रही थीं। अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और शव चिता पर रखा जा चुका था, लेकिन विवाद के चलते उसे चिता से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button