मोहर्रम की भीड़ में बिछड़ा सात वर्षीय बालक

मिशन शक्ति टीम ने खोजकर परिजनों को सौंपा

अम्बेडकरनगर। मोहर्रम के दौरान सिटी सेंटर क्षेत्र में भीड़ के बीच लापता हुए सात वर्षीय बालक को मिशन शक्ति टीम ने कुछ ही समय में तलाश कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच गया।

बुधवार देर रात मिशन शक्ति अभियान के तहत उपनिरीक्षक वंदना मौर्या टीम के साथ सिटी सेंटर क्षेत्र में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान रात करीब 12:05 बजे सलारगढ़, अलीगंज निवासी खुशनुमा खातून ने पुलिस टीम को सूचना दी कि उनका सात वर्षीय भांजा अब्दुल मजीद भीड़-भाड़ के दौरान लापता हो गया है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम

मामले की जानकारी मिलते ही मिशन शक्ति टीम ने बालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने आसपास के क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर खोजबीन की। भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए बालक की तलाश की गई।

तलाश के दौरान पुलिस टीम को जुबेर चौराहे के पास एक बालक मिला। पूछताछ और पहचान के बाद उसकी पहचान अब्दुल मजीद के रूप में हुई।

सत्यापन के बाद परिजनों को सौंपा गया बालक

पुलिस टीम ने तत्काल परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को उसकी मौसी खुशनुमा खातून के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button