
- यूपी में अगले 5 दिन तक बढ़ेगी गर्मी
- 11 जून के बाद हवा का रुख होगा पूर्वा
- पूर्वांचल में बारिश और ओलों की संभावना
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में आज शुष्क मौसम का अलर्ट जारी है। गर्म पछुआ हवा के कारण अगले पांच दिनों तक प्रदेश में तापमान में वृद्धि होगी। 11 जून के बाद हवा का रुख पूर्वा होने के साथ पूर्वांचल से बारिश की संभावना बढ़ेगी।
गुरुवार को नेपाल से सटे श्रावस्ती और बलरामपुर में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बलरामपुर में बारिश के बाद तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जो 31 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं, श्रावस्ती के जमुनहा क्षेत्र में तेज बारिश और कुछ इलाकों में ओलों की भी सूचना मिली। इस बीच, बांदा में सर्वाधिक 40.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बीएचयू के डॉ. ज्ञान प्रकाश के अनुसार मानसूनी बादल 20 जून तक यूपी पहुंच सकते हैं, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण सटीक अनुमान मुश्किल है। प्रदेश में रुक-रुककर हो रही छिटपुट बारिश गर्मी को कम करने में मदद कर रही है। बंगाल की खाड़ी में अभी तक लो प्रेशर सिस्टम विकसित नहीं हुआ है, जिससे मानसून की बरसात में देरी हो सकती है।








