
लखनऊ/प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ के एक पेट्रोल पंप पर टैंकर चालक और क्लीनर के साथ हुई मारपीट के विरोध में सरोजनी नगर स्थित अमौसी हिंदुस्तान पेट्रोलियम तेल डिपो के टैंकर चालक शुक्रवार से हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के चलते एचपी से संबद्ध दो दर्जन से अधिक जिलों में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बाधित हो गई है।
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के खगेसिया मऊ निवासी शिवाकांत कश्यप, जो एचपी के टैंकर चालक हैं, ने बताया कि गुरुवार देर शाम वे अमौसी तेल डिपो से 8,000 लीटर डीजल और 4,000 लीटर पेट्रोल लेकर प्रतापगढ़ के मां शांति गुदना देवी धुनी फ्यूल पंप पहुंचे थे। उनके साथ टड़ियावां, हरदोई निवासी क्लीनर दयासागर भी मौजूद था।
चालक के अनुसार, पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने टैंकर को पूरी रात खड़ा रखा। शुक्रवार सुबह नापतोल के दौरान 20 लीटर तेल कम पाए जाने पर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान टैंकर कर्मचारियों ने वाहन की फ्यूल टैंक की जांच शुरू की और क्लीनर दयासागर ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।








