मां पर टिप्पणी के बाद विधानसभा में रो पड़े स्पीकर

सीताक्का भी हुईं भावुक; BRS MLC गिरफ्तार -दिवंगत मां पर टिप्पणी से आहत हुए स्पीकर

हैदराबाद। तेलंगाना विधानसभा के स्पीकर गद्दम प्रसाद मंगलवार को सदन में भावुक होकर रो पड़े। मामला BRS MLC टाटा मधु की ओर से स्पीकर की दिवंगत मां को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है।

मंत्री सीताक्का ने सदन में टिप्पणी की निंदा की। इस दौरान उनकी आंखों से भी आंसू निकल आए। स्पीकर गद्दम प्रसाद ने कहा कि सीताक्का पिछले पांच साल से उन्हें राखी बांध रही हैं। उन्हें भावुक देखकर वह खुद भी अपने आंसू नहीं रोक सके।

स्पीकर बोले- टिप्पणियां बेहद दुखद

गद्दम प्रसाद ने कहा कि टाटा मधु की टिप्पणियां दुख पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले पर विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर उसे विधान परिषद को भेजा जाएगा।

स्पीकर के मुताबिक, सदन में सीताक्का के भावुक होने से माहौल बेहद संवेदनशील हो गया था। उन्होंने कहा कि उनकी आंखों से भी अनजाने में आंसू निकल आए।

रेवंत रेड्डी ने बताया ‘काला दिन’

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने स्पीकर के कथित अपमान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह तेलंगाना के लिए काला दिन है और करीब 4 करोड़ लोगों का अपमान है।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि स्पीकर का पद विधानसभा के सभी सदस्यों के बराबर है। उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को उन्होंने पूरे समाज का अपमान बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना को दलितों और आदिवासियों के अपमान के तौर पर भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्पीकर चुने जाने के बाद व्यक्ति पूरे सदन के बराबर होता है।

कांग्रेस का आरोप, BRS ने नकारा

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि BRS MLC टाटा मधु ने संवैधानिक पद पर बैठे दलित नेता गद्दम प्रसाद के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

इसके बाद विधानसभा में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी BRS के बीच राजनीतिक टकराव देखने को मिला। कांग्रेस ने कथित टिप्पणी की निंदा की, जबकि टाटा मधु ने ऐसी कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।

टाटा मधु गिरफ्तार

विवाद बढ़ने के बाद टाटा मधु को मंगलवार को सैफाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button