अंबेडकरनगर। गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद बृहस्पतिवार को जिले के परिषदीय और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल लौट आई। बंद पड़े कक्षाओं में रौनक दिखाई दी तो स्कूल परिसरों में बच्चों की खिलखिलाहट गूंज उठी। नए उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन जिला प्रशासन भी विद्यालयों तक पहुंचा।
बच्चों के माथे पर रोली-टीका, मुस्कान के साथ हुआ स्वागत
जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने शिक्षा क्षेत्र अकबरपुर के प्राथमिक विद्यालय बर्धा भिउरा पहुंचकर बच्चों का रोली-टीका लगाकर स्वागत किया। विद्यालय पहुंचते ही दोनों अधिकारियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनके बीच बैठकर पढ़ाई, खेलकूद तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।
विद्यालय में अधिकारियों की मौजूदगी से बच्चे उत्साहित नजर आए। कई बच्चों ने उनसे बातचीत की और अपनी पढ़ाई से जुड़ी बातें साझा कीं।
बच्चों के साथ बैठकर खाया मध्याह्न भोजन
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के साथ बैठकर निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार रोटी और दाल का भोजन ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और भोजन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने रसोईघर का निरीक्षण कर खाद्यान्न भंडारण, भोजन निर्माण प्रक्रिया तथा स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
विद्यालय की हर व्यवस्था पर रही नजर
भ्रमण के दौरान विद्यालय परिसर, शौचालयों, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।









