
- चिनहट के काशीराम कॉलोनी के पास मिला युवक का शव
- मृतक की पहचान गौरव (35) पुत्र राम मनोहर के रूप में हुई
- नशे की हालत में दीवार फांदते समय फिसलकर गिरने की आशंका
लखनऊ। लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी के पास रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नाले के किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस जांच में पता चला कि मृतक गौरव (35) नशे का आदी था और दीवार कूदते समय फिसलकर गिरने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि नाले के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर युवक की पहचान पुरानी काशीराम कॉलोनी निवासी गौरव पुत्र राम मनोहर के रूप में की। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नशे के कारण हादसे की आशंका
स्थानीय लोगों ने बताया कि गौरव नशे का आदी था और संभवतः उसी हालत में वह नाले के पास पहुंचा था। पुलिस को उसके बाएं हाथ में इंजेक्शन की सिरिंज और पास से दवा की शीशी भी मिली। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि दीवार पर चढ़ते वक्त संतुलन बिगड़ने से गौरव नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हुई।
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








