
जनपद अंबेडकरनगर को पहली बार राष्ट्रीय खेल आयोजन की मेज़बानी
‘टॉयगॉन’ बना साहस और संकल्प का प्रतीक शुभंकर
20 से 24 अप्रैल तक चलेगी राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता
अम्बेडकरनगर।खेलों की ऊर्जा, राष्ट्रभक्ति की भावना और स्थानीय गौरव को समर्पित एक ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है अंबेडकरनगर। 20 से 24 अप्रैल तक जनपद में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के हुनर को मंच देगी, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय टीम के चयन का भी गवाह बनेगी।
इस महायोजना का शुभंकर “टॉयगॉन”, जो शेर और बाघ का संयोजन है, जिलाधिकारी एवं आयोजन अध्यक्ष अविनाश सिंह ने मंगलवार को आयोजित भव्य समारोह में जारी किया। यह शुभंकर प्रतियोगिता की निडरता, संयम और संकल्प की भावना का प्रतीक होगा।
“संकल्प ही जीत है” बना आयोजन का मंत्र
कार्यक्रम में प्रतियोगिता का आदर्श वाक्य “संकल्प ही जीत है” भी घोषित किया गया, जो हर खिलाड़ी को प्रेरित करता है कि यदि मन में अडिग निश्चय हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। डीएम सिंह ने इसे अंबेडकरनगर के लिए राष्ट्रीय गौरव का पर्व करार दिया।
🇮🇳 देशभर से पहुंचेगी खेल प्रतिभाओं की बारात
प्रतियोगिता में 31 राज्यों और प्रतिष्ठित अकादमियों की टीमें भाग लेंगी, जिनमें शामिल हैं – उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, मणिपुर, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, चंडीगढ़ और अंडमान के खिलाड़ी। वहीं स्पोर्ट्स कैसल, एसएन पांडे हैंडबॉल एकेडमी, यशस्वी एकेडमी और मुंबई हैंडबॉल अकैडमी जैसी बड़ी संस्थाएँ भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।
ओमान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि इसी प्रतियोगिता के दौरान भारतीय हैंडबॉल टीम का चयन किया जाएगा, जो मई में ओमान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। चयनकर्ताओं की निगरानी में खिलाड़ियों का प्रत्यक्ष मूल्यांकन होगा।
भव्य उद्घाटन और रात्रिकालीन मुकाबले
प्रतियोगिता का उद्घाटन राजकीय हवाई पट्टी ग्राउंड, अकबरपुर में किया जाएगा, जिसमें पारंपरिक स्वागत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ जनपद की आत्मा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएंगी। मैदान में तीन कोर्ट बनाए गए हैं — दो पर दिन में और एक पर रात्रिकालीन रोशनी से सजे मैच खेले जाएंगे।
खिलाड़ियों को मिलेगा करियर में लाभ
डीएम सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कोटे में सरकारी नौकरियों और SAI में भर्ती में प्राथमिकता मिलेगी। इससे खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की दिशा मिलेगी।
मीडिया की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
डीएम ने कहा, “ऐतिहासिक आयोजनों की सफलता में मीडिया की भूमिका स्तंभ की तरह होती है। मैं पत्रकार बंधुओं से आग्रह करता हूं कि वे इस आयोजन की गरिमा को देशभर में पहुंचाएं।”
संघ का प्रतीक चिन्ह भी हुआ जारी
इस अवसर पर जनपद हैंडबॉल संघ का नया लोगो भी जारी किया गया, जिसे सचिव डॉ. हनुमान सिंह को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि यह प्रतीक सभी खिलाड़ियों को प्रेरणा देगा।
प्रमुख लोग रहे उपस्थित
इस समारोह में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता, परियोजना निदेशक अनिल कुमार सिंह, सूचना अधिकारी विनय कुमार वर्मा सहित अनेक मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।








