
- गया में पिंडदान कर लौट रहे थे कानपुर के 8 लोग, रात में गाड़ी खराब हो गई थी
- पुलिस ने घायलों को अस्पताल और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
- हादसे में एक बुजुर्ग बाल-बाल बच गए
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोमवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सोरांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बोलेरो में टक्कर मार दी। बोलेरो के आगे सो रहे 4 लोगों को कुचल दिया, जबकि गाड़ी में बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक बुजुर्ग हादसे में बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, कानपुर जिले के थाना मूसानगर के गुलौली गांव के 8 लोग वाराणसी से कानपुर लौट रहे थे। ये सभी गया में पूर्वजों को पिंडदान कर लौट रहे थे। रविवार देर रात बोलेरो खराब हो गई। मरम्मत न होने पर सभी ने बोलेरो के आगे ही चादर बिछाकर सोने का फैसला किया।
सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बोलेरो में टक्कर मारी और फिर आगे सो रहे चार लोगों को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में सुरेश बाजपेई (55), तारा बाजपेई (50), राम सागर (65) और सुरेश सैनी (50) की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल ममता देवी, प्रेमा देवी और कोमल देवी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि प्रेम नारायण (60) साल के बाल-बाल बच गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर खून फैल गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रयागराज पुलिस ने कानपुर पुलिस को भी घटना की जानकारी दी है।








