वेनेजुएला में दो भूकंप, 235 की मौत और हजारों लापता

राष्ट्रीय अवकाश के दौरान आए भूकंप से भारी तबाही, 4300 से ज्यादा घायल

कराकस। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी है। अब तक 235 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 4300 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

भूकंप उस दिन आया जब वेनेजुएला में 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था। इस कारण अधिकांश लोग अपने घरों में थे और कई लोग टीवी पर फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहे थे, जिससे मलबे में दबने वालों की संख्या अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार मलबे के अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे आशंका है कि कई लोग अभी भी जीवित हो सकते हैं। सरकार ने देर रात बताया कि 39 हजार से अधिक लोग लापता हैं। वहीं अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने चेतावनी दी है कि इस आपदा में 10 हजार से अधिक मौतों की 44% संभावना और एक लाख तक लोगों की मौत की 30% संभावना हो सकती है।

इस आपदा से देश की अर्थव्यवस्था को लगभग 9.5 लाख करोड़ रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति से बातचीत कर भारत की ओर से हर संभव मदद की पेशकश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button