तेल अवीव। इजराइल में 27 अक्टूबर को होने वाले चुनाव से पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। गुरुवार को सामने आए जमान इजराइल के नए सर्वे में पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजेनकोट की विपक्षी पार्टी यशार को 25 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं नेतन्याहू की लिकुड पार्टी 21 सीटों पर सिमट सकती है।
यशार ने लिकुड पर बनाई 4 सीट की बढ़त
नए सर्वे के मुताबिक यशार और लिकुड के बीच चार सीटों का अंतर है। पिछले कुछ हफ्तों में आए ज्यादातर सर्वे में भी आइजेनकोट की पार्टी आगे रही थी, लेकिन तब मुकाबला काफी करीबी था। कुछ सर्वे में लिकुड बराबरी पर थी या केवल एक-दो सीट पीछे थी।
इस बार अंतर बढ़कर चार सीट हो गया है, जिससे नेतन्याहू के सामने चुनावी चुनौती बढ़ती दिखाई दे रही है।
बहुमत के लिए चाहिए 61 सीटें
इजराइल की संसद नेसेट में कुल 120 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन को कम से कम 61 सीटों की जरूरत होती है।
सर्वे के अनुसार नेतन्याहू विरोधी दलों के ‘चेंज ब्लॉक’ को 58 सीटें मिलने का अनुमान है। यह बहुमत के आंकड़े से सिर्फ तीन सीट दूर है। वहीं नेतन्याहू समर्थक दलों को करीब 50 सीटें मिल सकती हैं।









