UPI चार्ज से दुकानदार-ग्राहक दोनों परेशान

सर्वे में 83% दुकानदारों ने 0.4% MDR देने से किया इनकार, चार्ज ग्राहकों पर पड़ा तो 86% लोग UPI छोड़ने को तैयार

नई दिल्ली। 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI मर्चेंट पेमेंट पर 0.4% मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगाए जाने की चर्चा के बीच दुकानदारों और ग्राहकों के रुख को लेकर एक सर्वे सामने आया है। लोकलसर्कल्स के सर्वे के मुताबिक, 83% दुकानदार खुद इस चार्ज का बोझ उठाने के लिए तैयार नहीं हैं। वहीं, अगर यह खर्च ग्राहकों से वसूला जाता है तो 86% UPI यूजर्स 2,000 रुपये से ज्यादा के भुगतान के लिए दूसरे विकल्पों पर जाने की बात कह रहे हैं।

सर्वे के मुताबिक, इस बदलाव से कुल लेन-देन में करीब 10% और पेमेंट की संख्या में करीब 4% तक कमी आने का अनुमान जताया गया है।

केवल 17% दुकानदार MDR देने को तैयार

लोकलसर्कल्स ने देश के 242 जिलों में 32 हजार से ज्यादा कारोबारियों के बीच सर्वे किया। इसमें केवल 17% मर्चेंट्स ने कहा कि वे 0.4% MDR का खर्च खुद उठाने के लिए तैयार हैं।

वहीं, 41% दुकानदारों ने साफ कहा कि वे किसी भी तरह का शुल्क नहीं देना चाहते। 15% मर्चेंट्स अधिकतम 0.04% तक शुल्क देने के पक्ष में हैं। इसके अलावा 9% कारोबारियों ने बताया कि वे UPI स्वीकार ही नहीं करते।

इन आंकड़ों को मिलाकर देखें तो कुल 83% मर्चेंट्स 0.4% चार्ज का पूरा बोझ खुद उठाने के पक्ष में नहीं हैं।

ग्राहकों से चार्ज लिया तो UPI से दूरी

सर्वे में यह भी जानने की कोशिश की गई कि अगर दुकानदार MDR का खर्च ग्राहकों पर डालते हैं तो उनका व्यवहार कैसा रहेगा। इसके लिए 291 जिलों में 67 हजार से ज्यादा UPI यूजर्स से सवाल किए गए।

सर्वे में 86% यूजर्स ने कहा कि वे 2,000 रुपये से ज्यादा के भुगतान के लिए UPI की जगह दूसरे विकल्पों का इस्तेमाल करेंगे। यानी अतिरिक्त शुल्क लगने की स्थिति में बड़े UPI ट्रांजैक्शन प्रभावित हो सकते हैं।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/aadhaar-name-change-rules/

कैश और कार्ड बनेंगे विकल्प

सर्वे के मुताबिक, 26% UPI यूजर्स ने कहा कि वे 2,000 रुपये से ज्यादा के भुगतान के लिए नकद का इस्तेमाल करेंगे। इतने ही यानी 26% लोगों ने क्रेडिट कार्ड को विकल्प बताया।

वहीं, 13% लोगों ने डेबिट कार्ड से भुगतान करने की बात कही। 9% ग्राहक ऐसा विकल्प मांगेंगे, जिसमें कोई अतिरिक्त शुल्क न देना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button