ईरान से समझौते पर अमेरिका के खाड़ी सहयोगी निराश

होर्मुज स्ट्रेट पर अटका मामला- अमेरिका-ईरान बातचीत से अब तक नहीं निकला ठोस रास्ता, होर्मुज स्ट्रेट खोलने को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद

वॉशिंगटन।

ईरान के साथ समझौते की अमेरिकी कोशिशों को लेकर उसके कुछ खाड़ी सहयोगियों में निराशा की खबर है। द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इन देशों को लगता है कि लंबे समय से बातचीत चलने के बावजूद अमेरिका और ईरान किसी ठोस समझौते तक नहीं पहुंच पाए हैं।

हालांकि, व्हाइट हाउस ने खाड़ी देशों के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से नाराज होने की खबरों को खारिज किया है। एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, ट्रम्प के खाड़ी देशों के नेताओं के साथ अच्छे संबंध हैं और युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका लगातार उनके संपर्क में है।

ट्रम्प ने नए हमले की तैयारी से किया इनकार

एक्सियोस के मुताबिक, ट्रम्प ने पिछले सप्ताह कहा था कि अमेरिका फिलहाल ईरान पर नए हमले की तैयारी नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ बातचीत कर रहा है और वहां की खराब आर्थिक स्थिति पर भी नजर रख रहा है। इससे पहले ट्रम्प ने ईरान पर प्रस्तावित एक सैन्य हमले को रोकने की बात भी कही थी। उनका कहना था कि अगर जल्द समझौता हो जाता है तो सैन्य कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी।

होर्मुज स्ट्रेट पर दोनों देशों में मतभेद

अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में होर्मुज स्ट्रेट सबसे अहम मुद्दों में से एक बना हुआ है।

ट्रम्प चाहते हैं कि होर्मुज स्ट्रेट को तत्काल और पूरी तरह खोल दिया जाए। वहीं, ईरान की मांग है कि अमेरिका पहले अपनी नौसैनिक नाकाबंदी हटाए और ईरान के आसपास तैनात अमेरिकी सैनिकों को पीछे करे।

ईरान-ओमान के बीच भी हो रही बातचीत

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान और ओमान के बीच भी बातचीत चल रही है।

इसमें समुद्र में जहाजों की आवाजाही और उनके लिए सुरक्षित रास्ते जैसे तकनीकी मुद्दों पर चर्चा हो रही है। अराघची ने स्पष्ट किया कि यह बातचीत अमेरिका के साथ चल रही वार्ता से अलग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button