- 96% सैनिक इलाज के बाद ड्यूटी पर लौटे
- ज्यादातर को सिर में हल्की चोट लगी
- न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के बाद आया बयान
- अमेरिका ने ईरान के 9 शहरों पर किए हवाई हमले
वॉशिंगटन। अमेरिका ने स्वीकार किया है कि ईरान के जवाबी हमलों में उसके करीब 100 सैनिक घायल हुए हैं। पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने बताया कि 7 जुलाई के बाद हुए हमलों में ये सैनिक घायल हुए थे। इनमें से 96 प्रतिशत सैनिक इलाज के बाद दोबारा ड्यूटी पर लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश सैनिकों को सिर में हल्की चोट (कनकशन) आई थी।
सीन पार्नेल ने यह जानकारी न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट के बाद दी, जिसमें दावा किया गया था कि अमेरिकी रक्षा विभाग ईरान के साथ संघर्ष में घायल हुए सैनिकों की संख्या सार्वजनिक नहीं कर रहा है। पार्नेल ने माना कि जानकारी साझा करने में देरी हुई, लेकिन यह फैसला सैनिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था।
उधर, अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने सोमवार को उन देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जहां अमेरिकी सेना तैनात है।
इसके जवाब में मंगलवार सुबह अमेरिका ने ईरान के नौ शहरों पर हवाई हमले किए। ईरान की लेबर न्यूज एजेंसी के अनुसार, अबदानान, बंदर अब्बास, बंदर लेंगेह, बुशेहर, चाबहार, केश्म द्वीप, सीरिक, शीराज और कोनारक को निशाना बनाया गया।









