
- बस्ती और आज़मगढ़ जाने वाले वाहनों के लिए नया रूट तय
- न्यौरी अंडरपास से रामनगर होते हुए हंसवर-मकरही मार्ग पर डायवर्ट
- प्रशासन ने अपील की—यात्रा से पहले योजना बनाएं
अंबेडकरनगर। टांडा क्षेत्र में घाघरा नदी पर बने राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के पुल को मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसकी मरम्मत शुरू की है। पुल 11 नवंबर तक बंद रहेगा। इस दौरान बस्ती व आज़मगढ़ की ओर जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से होकर गुज़रना होगा।
वैकल्पिक मार्ग से होगी आवाजाही
प्रशासन ने यात्रा में दिक्कत से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया है। बस्ती जाने वाले वाहनों को न्यौरी अंडरपास से रामनगर मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है। यह मार्ग एनएच-328ए से होकर गुजरेगा।
वाहन रामनगर चौक से स्व. गुरु प्रसाद चौराहा होते हुए हंसवर-मकरही मार्ग पर पहुंचेंगे।
वहां से धनघटा-विधार मार्ग और विधार ब्रिज से गुज़रकर धनघटा चौराहे तक जाएंगे।
आगे रामजानकी मार्ग (एनएच-227ए) से होते हुए कलवारी चौराहा और फिर मुख्य राजमार्ग से जुड़ेंगे।
प्रशासन ने की अपील
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत अवधि में सभी वाहन चालकों को यही वैकल्पिक मार्ग इस्तेमाल करना होगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।








