
- मेल में क्यों दी गई है मुख्यमंत्री को धमकी
- खेल परिषद प्रमुख नीरज के पवन को टारगेट करने के पीछे की मंशा क्या है
- रेप पीड़िता केस में क्या है पूरा मामला
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष नीरज के पवन (IAS) को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी उनकी आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई। मेल में रेप पीड़िता के एक मामले का ज़िक्र करते हुए चेतावनी दी गई कि अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, तो मुख्यमंत्री की हत्या कर दी जाएगी। वहीं नीरज के पवन को धमकाते हुए लिखा गया कि उनके “टुकड़े कर काले सूटकेस में भर दिए जाएंगे”।
श्रीगंगानगर में गिरा संदिग्ध ड्रोन
भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से लगे श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ के गांव 12 ए में गुरुवार सुबह 9:45 बजे ग्रामीणों ने एक संदिग्ध ड्रोन गिरा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर SHO ईश्वर जांगिड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बीएसएफ को भी सूचित किया गया। ड्रोन लगभग 5 से 7 फीट लंबा था। उसमें लगा कैमरा टूटकर पास में गिरा मिला है। बीएसएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिर शुरू हुई जयपुर-चंडीगढ़ फ्लाइट्स
जयपुर से चंडीगढ़ के बीच बंद की गई तीन फ्लाइट्स को गुरुवार से दोबारा शुरू कर दिया गया है। ये उड़ानें 7 मई को अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थीं। इसके साथ ही कुल्लू और गाजियाबाद की उड़ानें भी आज से बहाल हो गई हैं। जोधपुर एयरपोर्ट पर भी सामान्य दिनों की तरह फ्लाइट्स का संचालन शुरू हो गया है।
सरहदी एयर स्पेस अब भी खाली, इंटरनेशनल फ्लाइट्स ही ज्यादा
हालांकि एयरपोर्ट्स पर उड़ानों का संचालन शुरू हो चुका है, लेकिन भारत-पाकिस्तान के तनाव के बीच राजस्थान के सरहदी इलाकों का एयर स्पेस अभी भी खाली नजर आ रहा है।








