
- BCCI और केंद्र सरकार की बैठक में क्या हुआ?
- सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट ने क्यों बढ़ाई चिंता?
- IPL 2025 के सस्पेंशन से फैंस में मायूसी
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी दिखाई देने लगा है। बीसीसीआई ने शुक्रवार को बड़ा कदम उठाते हुए इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की घोषणा कर दी है। इस फैसले से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है।
बीसीसीआई ने इस निर्णय से पहले केंद्र सरकार से विस्तृत चर्चा की। देश और विदेश के खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अहम फैसला लिया गया है। IPL का यह 18वां सीजन था, जिसमें कुल 74 मैच खेले जाने थे, लेकिन मौजूदा हालातों के चलते केवल 58 मैच ही पूरे हो पाए हैं। अब शेष 16 मुकाबले (12 लीग और 4 प्लेऑफ) स्थगित कर दिए गए हैं।
पॉइंट्स टेबल का हाल: कौन आगे, कौन बाहर?
लीग के अब तक के नतीजों के आधार पर गुजरात टाइटंस शीर्ष पर बनी हुई है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने 11 में से 8 मैच जीतकर 16 अंक अर्जित किए हैं। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर भी 11 में से 8 जीत के साथ दूसरे स्थान पर है।
पंजाब किंग्स तीसरे पायदान पर है, जिसने 11 में से 7 मुकाबले अपने नाम किए हैं और एक मैच बेनतीजा रहा। हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस ने 12 मैचों में 7 जीत हासिल की है और फिलहाल चौथे नंबर पर है।
दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बने हुए हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स का सफर यहीं समाप्त हो चुका है।
7 टीमें अभी भी प्लेऑफ रेस में, पर भविष्य अनिश्चित
हालांकि, लीग के 16 मुकाबले बाकी थे और 7 टीमें अब भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई थीं, लेकिन मौजूदा सुरक्षा हालात के चलते आगे का सफर अधर में लटक गया है। बीसीसीआई ने यह स्पष्ट किया है कि हालात सामान्य होने के बाद आईपीएल को फिर से शुरू करने पर विचार किया जाएगा।








